SIR प्रक्रिया को लेकर खटीमा में सियासत तेज, कांग्रेस ने उठाए सवाल

SIR प्रक्रिया को लेकर खटीमा में सियासत तेज, कांग्रेस ने उठाए सवाल

स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्टर : अशोक सरकार

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के प्रथम चरण में सामने आई त्रुटियों और दूसरे चरण में दावों-आपत्तियों की सुनवाई को लेकर खटीमा की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

क्षेत्रीय विधायक भुवन चंद कापड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी (SDM) खटीमा को ज्ञापन सौंपते हुए SIR प्रक्रिया में सुधार की मांग की। ज्ञापन में विधायक ने आरोप लगाया कि प्रथम चरण में कई खामियां सामने आई हैं, जबकि दूसरे चरण में दावों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए अपनाई जा रही प्रक्रिया अव्यावहारिक, अपारदर्शी और पक्षपातपूर्ण है।

विधायक कापड़ी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और आम मतदाताओं के लिए सरल होनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से प्रभावित न हो।

वहीं, मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उप जिलाधिकारी खटीमा तुषार सैनी ने कहा कि SIR प्रक्रिया निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार ही संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी दावों और आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर समाधान किया जाएगा।

फिलहाल SIR प्रक्रिया को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।