स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में 13 जून को हुए चर्चित हत्याकांड में फरार चल रहे एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार 13 जून की शाम ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार पर हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी।


घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए पहले ही नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।


पुलिस ने बताया कि 4 अगस्त को फरार चल रहे आरोपी युनुस पुत्र महबूब, निवासी बैरागीवाला, को हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की विवेचना जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


