स्थान : लोहाघाट (चम्पावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान को जनपद चम्पावत में सफल बनाने के उद्देश्य से उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने आमजन से टीबी के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच कराने की अपील की है।


डॉ. राठी ने कहा कि टीबी (क्षय रोग) पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन में कमी या रात के समय अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उसे बिना देरी किए अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।



उन्होंने बताया कि जनपद चम्पावत में टीबी की जांच और उपचार की सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। समय पर बीमारी की पहचान और नियमित उपचार से टीबी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।


चिकित्सा अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि वे टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें, समय पर जांच कराएं और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार पूरा उपचार लें।

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही टीबी मुक्त चम्पावत, टीबी मुक्त उत्तराखण्ड और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।


