स्थान : विकासनगर (देहरादून)
ब्यूरो रिपोर्ट

विधानसभा विकासनगर क्षेत्र में निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत लगभग 41 हजार मतदाताओं को शुद्धिकरण संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस मिलने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात, विपुल जैन और बलजीत सिंह ने निर्वाचन आयोग और भाजपा सरकार पर आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। मीडिया से बातचीत में नव प्रभात ने कहा कि पहले नोटबंदी और अब “वोटबंदी” के जरिए भाजपा आम लोगों को प्रक्रियाओं में उलझाने का काम कर रही है, ताकि जनता अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान न दे सके।



वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की है। नगर पालिका परिषद विकासनगर और विकासखंड प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि 23 अगस्त तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी प्राप्त मामलों का निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।


मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि जिन लोगों को SIR नोटिस मिले हैं, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारी लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील की।

फिलहाल SIR शुद्धिकरण प्रक्रिया जारी है। इसके पूर्ण होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मतदाता सूची में कितने नाम यथावत रहेंगे और किन मामलों में आवश्यक संशोधन या विलोपन किया जाएगा।


