चंडीघाट पर कांवड़ियों और पुलिस में धक्कामुक्की, कांवड़ खंडित होने पर हंगामा

चंडीघाट पर कांवड़ियों और पुलिस में धक्कामुक्की, कांवड़ खंडित होने पर हंगामा

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार के चंडीघाट क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब कुछ कांवड़िए निर्धारित कांवड़ पटरी छोड़कर राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) से आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे। इस दौरान उन्हें रोकने के लिए तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों के साथ उनकी धक्कामुक्की हो गई।

धक्कामुक्की के दौरान एक कांवड़ जमीन पर गिरकर खंडित हो गई, जिसके बाद कांवड़ियों ने मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी पर नशे की हालत में कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया। विवाद बढ़ने पर संबंधित पुलिसकर्मी वहां से हट गया, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। मामले को लेकर पुलिस और कांवड़ियों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।

वहीं, एसपी सिटी ने कांवड़ियों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित पुलिसकर्मी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कई बार श्रद्धालु निर्धारित कांवड़ पटरी छोड़कर राष्ट्रीय राजमार्ग से जाने की कोशिश करते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान इस प्रकार की परिस्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का पालन करने और प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की है।