सेवा पखवाड़ा शिविर में 954 लोगों ने लिया भाग, 182 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

सेवा पखवाड़ा शिविर में 954 लोगों ने लिया भाग, 182 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

“सेवा, सुशासन एवं समर्पण” थीम के अंतर्गत संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत बुधवार को विकासखंड चौखुटिया के राजकीय इंटर कॉलेज तड़ागताल में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में कुल 954 लोगों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों से संबंधित 191 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 182 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा 33 आधार कार्डों का संशोधन एवं अद्यतन भी शिविर स्थल पर ही किया गया।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने पात्र लाभार्थियों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। वहीं पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी मौके पर ही बनाए गए, जिससे उन्हें तत्काल सुविधा उपलब्ध हो सकी।

इस अवसर पर विधायक मदन बिष्ट, राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) महेश्वर सिंह मेहरा, ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, राज्य पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल शाही सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।