नाले में डूबकर युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

नाले में डूबकर युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्टर

खानपुर थाना क्षेत्र के नियामतपुर गांव में 22 वर्षीय युवक उदित कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, उदित कुमार गांव के बाहर नाले की पुलिया पर दो अन्य युवकों के साथ बैठा था। बताया जा रहा है कि तीनों युवक वहां नशा कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उदित संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में गिर गया और पानी में डूब गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एक युवक वहां से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को ग्रामीणों ने नशे की हालत में पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। परिजन आनन-फानन में उदित को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता और परिजनों ने घटना को लेकर संदेह जताया है। उनका आरोप है कि उदित के साथ गांव के युवकों ने कुछ गलत किया हो सकता है। परिजनों ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अभी मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि युवक की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार युवक की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है और हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।