भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आज दिल्ली में, 2027 चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन

भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आज दिल्ली में, 2027 चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्टर

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे, जबकि राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी इसमें मौजूद रहेंगे। बैठक में प्रदेश संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि पार्टी समय-समय पर कार्यकर्ताओं, विभिन्न टोलियों और प्रदेश कोर ग्रुप की बैठकें आयोजित करती है। इन बैठकों के माध्यम से राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन प्राप्त होता है और संगठन की आगामी रणनीति तैयार की जाती है।

उन्होंने बताया कि बुधवार शाम 6 बजे दिल्ली में होने वाली कोर ग्रुप की बैठक में पिछले दिनों किए गए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही आने वाले समय में पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।

कुंदन परिहार ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर मजबूत रणनीति तैयार करना है। पार्टी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन और शत-प्रतिशत सफलता हासिल करने के लक्ष्य के साथ संगठन को और अधिक सक्रिय करने की दिशा में काम कर रही है।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा पिछली बार हारी हुई विधानसभा सीटों की स्थिति, वहां संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर भी मंथन किया जाएगा।

भाजपा नेतृत्व चुनावी तैयारियों को समय से पहले गति देने पर जोर दे रहा है। इसी क्रम में प्रदेश संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

दिल्ली में होने वाली इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का प्रयास है कि संगठनात्मक स्तर पर मजबूत तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरा जाए और प्रदेश में अपनी स्थिति को और मजबूत किया जा सके।