स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्टर

नगर पालिका परिषद मसूरी की बोर्ड बैठक मंगलवार को सम्पन्न हुई, जिसमें शहर के विकास और जनहित से जुड़े 34 प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में नियमित प्रशासनिक कार्यों के अलावा कर व्यवस्था, आवारा एवं पालतू कुत्तों के प्रबंधन, सड़क मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।


बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय आवासीय भवनों के संपत्ति कर (हाउस टैक्स) में वरिष्ठ नागरिकों को 15 प्रतिशत की छूट देने का रहा। बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इसे बुजुर्गों को आर्थिक राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस फैसले से शहर के अनेक वरिष्ठ नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद है।



शहर में बढ़ती आवारा और पालतू कुत्तों की समस्या भी बैठक का प्रमुख मुद्दा रही। बोर्ड ने इस संबंध में नई कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति जताई। साथ ही पालतू कुत्ते पालने वाले लोगों के लिए कुछ नए नियम लागू करने का निर्णय लिया गया, ताकि स्वच्छता, सार्वजनिक सुरक्षा और जिम्मेदार पालतू पशु प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।


बैठक के बाद नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि बरसात का मौसम समाप्त होते ही शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति सुधारना पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

अध्यक्ष ने बताया कि शहर के नालों और खालों को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि काला स्कूल, किंगरेक और आसपास के क्षेत्रों में एक महत्वपूर्ण नाले को खुलवाया गया है, जबकि अन्य स्थानों पर भी अतिक्रमण हटाने और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्रवाई जारी है।


निर्माण मलबे के अवैध निस्तारण के मुद्दे पर नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाया है। मीरा सकलानी ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई ठेकेदार या संबंधित एजेंसी निर्धारित डंपिंग स्थल के बजाय अन्य स्थानों पर निर्माण मलबा फेंकते हुए पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।



