12 घंटे में बाजपुर पुलिस ने दबोचे चार वाहन चोर, तीन चोरी की बाइक बरामद

12 घंटे में बाजपुर पुलिस ने दबोचे चार वाहन चोर, तीन चोरी की बाइक बरामद

स्थान : बाजपुर
ब्यूरो रिपोर्टर

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बाजपुर कोतवाली में 2 और 3 अगस्त को मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें एक बाइक शुगर फैक्ट्री मैदान से जबकि दूसरी राज अल्ट्रासाउंड सेंटर के बाहर से चोरी हुई थी। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर, क्षेत्राधिकारी तथा प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने शुगर फैक्ट्री क्षेत्र में दबिश देकर गौतम टीडा, फईम अली, कमल सिंह और सागर को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बाजपुर में चोरी हुई दोनों मोटरसाइकिलों के अलावा थाना गदरपुर क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की। बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने उन्हें संबंधित मुकदमों में शामिल कर लिया है।

बरामदगी और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर दी है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से तो नहीं है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों से भी अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने, लॉक लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।