स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्टर

श्रावण मास में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है और लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। इसी क्रम में रुड़की के गणेशपुर पुल टैंक चौक पर पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और उन्हें जलपान वितरित किया।


गणेशपुर पुल टैंक चौक पर नहर पटरी से गुजर रहे शिवभक्तों पर पुलिस अधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। पुलिस की इस पहल से कांवड़ियों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।



कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हरिद्वार शेखर चंद्र सुयाल, पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं सुपर जोनल पुलिस ऑफिसर स्वप्न किशोर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रुड़की ओशिन जोशी सहित अन्य अधिकारियों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। अधिकारियों ने स्वयं कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिवादन किया और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और विशेष पुलिस अधिकारियों ने शिवभक्तों को सूक्ष्म जलपान वितरित किया। श्रद्धालुओं ने पुलिस के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से मिल रहा सहयोग उनकी यात्रा को अधिक सुगम और सुखद बना रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।


रुड़की में कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ सेवा भाव का भी अनूठा उदाहरण देखने को मिल रहा है। प्रशासन और पुलिस लगातार श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हैं, जिससे कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सहयोग के वातावरण में सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है।



