गन्ना किसानों को राहत का भरोसा, नवंबर में समय पर शुरू होंगी चीनी मिलें: दर्जा राज्य मंत्री मंजीत सिंह राजू

गन्ना किसानों को राहत का भरोसा, नवंबर में समय पर शुरू होंगी चीनी मिलें: दर्जा राज्य मंत्री मंजीत सिंह राजू

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

तराई क्षेत्र में गन्ने की खेती किसानों की आमदनी का प्रमुख आधार मानी जाती है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मौसम की मार, धान और गेहूं की सरकारी खरीद में दिक्कतें तथा भुगतान में देरी जैसी समस्याओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में चीनी मिलों के समय पर संचालन और गन्ना भुगतान को लेकर किसानों की निगाहें सरकार पर टिकी हुई हैं।

उत्तराखंड सरकार में गन्ना विभाग के दर्जा राज्य मंत्री मंजीत सिंह राजू ने कहा कि आगामी पेराई सत्र को लेकर सभी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। उन्होंने बताया कि चीनी मिलों में रिपेयर और मेंटेनेंस का कार्य अधिकारी और कर्मचारी मिलकर कर रहे हैं, ताकि नवंबर में सभी मिलों का संचालन समय पर शुरू किया जा सके।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं किसान हैं और किसानों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। जल्द ही वह गन्ना किसानों के बीच जाकर संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुनकर समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।

बाजपुर चीनी मिल में सामने आए स्क्रैप घोटाले पर मंत्री मंजीत सिंह राजू ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने 20 तारीख को मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर पूरी जानकारी दे दी थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मंत्री ने कहा, “स्क्रैप घोटाले में शामिल लोगों ने फैक्ट्री रूपी मां के आंचल को नोचने का काम किया है।” उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए गठित समिति गहनता से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गन्ने के घटते रकबे को लेकर उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान मिलने से किसानों का भरोसा फिर से बढ़ा है। इसी का परिणाम है कि इस वर्ष गन्ने के क्षेत्रफल में करीब पांच प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

दर्जा राज्य मंत्री ने विश्वास जताया कि यदि भविष्य में भी चीनी मिलें समय पर संचालित होती रहीं और किसानों को भुगतान समय से मिलता रहा तो गन्ने की खेती का रकबा और बढ़ेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और प्रदेश का चीनी उद्योग भी अधिक मजबूत होगा।