स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्टर

नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंपावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 490 ग्राम अवैध चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश और क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के नेतृत्व में लोहाघाट पुलिस और एसओजी टीम ने देवीधार-पंचेश्वर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यात्री शेड के पास एक पल्सर बाइक संख्या यूके-03सी-8185 पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान युवकों के कब्जे से 1.490 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक को सीज कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष चंद्र आर्य निवासी चंपावत और सौरभ टम्टा निवासी नसखोला, लोहाघाट के रूप में हुई है।


पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद चरस स्थानीय स्तर पर तैयार की गई थी, जिसे चंपावत के एक व्यक्ति को ऊंचे दामों में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अब मामले में चरस की सप्लाई से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है तथा तस्करी में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक चंपावत पुलिस ने 5.215 किलोग्राम चरस, 903.6 ग्राम स्मैक, 3.728 किलोग्राम गांजा समेत बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और कैप्सूल बरामद किए हैं। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई गई है।


उन्होंने बताया कि जिले में अवैध रूप से उगाई गई भांग और चरस की खेती के खिलाफ भी अभियान चलाकर सैकड़ों नाली भूमि पर लगी फसल को नष्ट किया गया है। पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।


एसपी रेखा यादव ने आम लोगों से अपील की कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि लोग मानस हेल्पलाइन नंबर 1933, डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

