स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्टर

मानसून और कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने खाद्य पदार्थों में मिलावट और स्वच्छता से जुड़े मामलों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।


जिलाधिकारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा और मिलावट से संबंधित मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिलेभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए।


डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और किसी भी तरह की लापरवाही या मिलावट का मामला सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


प्रशासन की ओर से खाद्य सुरक्षा विभाग को भी सक्रिय कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाजारों में लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहे हैं। विशेष रूप से कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए निगरानी बढ़ाई गई है।
जिला प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों को भी स्पष्ट संदेश दिया है कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकों का विशेष ध्यान रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासन की इस सख्ती के बाद मिलावट करने वाले कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान केवल त्योहारों या कांवड़ यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खाद्य सुरक्षा को लेकर नियमित रूप से कार्रवाई जारी रखी जाएगी।


जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि संदिग्ध खाद्य सामग्री या मिलावट की जानकारी मिलने पर प्रशासन को तुरंत सूचित करें।

