स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्टर

थाना गंगनहर क्षेत्र के ग्राम माधोपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे उसे न्याय मिलने की चिंता सता रही है।


पीड़ित मोहम्मद साहिल के अनुसार, वह देर रात चंद्रशेखर स्कूल के सामने स्थित अपने सैलून में काम कर रहा था। इसी दौरान कई युवक वहां पहुंचे और बिना किसी कारण उस पर हमला कर दिया। साहिल का आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रोड और पंच से वार किए, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई।


पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और कट्टा दिखाकर भयभीत करने का प्रयास किया। साहिल ने हमलावरों में गांव के तीन युवकों की पहचान आशिम मोहम्मद उर्फ मांगता, गुलशन उर्फ मोनू और समीर पुत्र शहजाद के रूप में की है, जबकि तीन अन्य युवक चेहरे ढके होने के कारण पहचान में नहीं आ सके।

साहिल का कहना है कि उसने घटना की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया और उसे एफआईआर की प्रति भी मिल चुकी है। लेकिन घटना को करीब 18 से 19 दिन बीत जाने के बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह लगातार पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अभी तक उसे केवल कार्रवाई का आश्वासन ही मिला है। इसके बाद उसने न्याय की मांग को लेकर मीडिया के सामने अपनी बात रखी है।

वहीं, इस मामले में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।


अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होती है और पीड़ित को न्याय कब मिलता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

