जसपुर में 49 नवनिर्वाचित उप ग्राम प्रधानों ने ली शपथ, पंचायत विकास में सहयोग का लिया संकल्प

जसपुर में 49 नवनिर्वाचित उप ग्राम प्रधानों ने ली शपथ, पंचायत विकास में सहयोग का लिया संकल्प

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्टर

ऊधम सिंह नगर जिले की जसपुर विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती देते हुए मंगलवार को नवनिर्वाचित उप ग्राम प्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से चुने गए 49 उप ग्राम प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम का आयोजन सांसद प्रतिनिधि तीरथ सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि शेर अली, बैलजोड़ी जिला पंचायत सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी, प्रधान संघ अध्यक्ष दिलशाद शाह, एडीओ पंचायत सुखलाल राणा सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए सहायक खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र सिंह कनियाल ने सभी 49 नवनिर्वाचित उप ग्राम प्रधानों को विधिवत रूप से शपथ दिलाई। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को संविधान के प्रति आस्था रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।

शपथ ग्रहण के बाद मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने सभी नवनियुक्त उप ग्राम प्रधानों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि पंचायतों में उप प्रधानों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और उनके सहयोग से गांवों के विकास कार्यों को बेहतर गति मिल सकती है।

ग्राम प्रतिनिधियों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दिन उनके लिए खुशी का अवसर है। लंबे इंतजार के बाद 49 उप ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई गई है, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों की टीम और मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त उप प्रधान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे। ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर गांवों के विकास, जनहित के कार्यों और पंचायतों को आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि नए उप ग्राम प्रधानों के जुड़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को गति मिलेगी और पंचायत स्तर पर जनता की समस्याओं के समाधान में और अधिक प्रभावी कार्य किया जा सकेगा।