वंदना कटारिया को राष्ट्रपति भवन से मिला स्वतंत्रता दिवस समारोह का निमंत्रण, परिवार में खुशी का माहौल

वंदना कटारिया को राष्ट्रपति भवन से मिला स्वतंत्रता दिवस समारोह का निमंत्रण, परिवार में खुशी का माहौल

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित वंदना कटारिया को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम के लिए निमंत्रण पत्र मिला है। राष्ट्रपति भवन से मिले इस विशेष आमंत्रण के बाद वंदना के परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।

शनिवार को डाक विभाग की ओर से यह निमंत्रण पत्र हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया के आवास पर उनके परिजनों को सौंपा गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने इसे गौरव का क्षण बताते हुए राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया।

वर्तमान में आगामी खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों के चलते वंदना कटारिया मुंबई में प्रशिक्षण ले रही हैं। निमंत्रण पत्र मिलने की जानकारी परिवार वालों ने फोन के माध्यम से उन्हें दी, जिसके बाद वंदना ने भी इस सम्मान पर खुशी जाहिर की।

वंदना कटारिया के परिवार ने कहा कि राष्ट्रपति भवन से स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए मिला यह आमंत्रण पूरे परिवार के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि वंदना ने अपनी मेहनत और उपलब्धियों से न केवल परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है।

वंदना के भाई चंद्रशेखर ने बताया कि परिवार इस विशेष निमंत्रण को लेकर बेहद उत्साहित है। उन्होंने कहा कि तय नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परिवार के सदस्य दिल्ली में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए जरूर जाएंगे।

पद्मश्री सम्मान से अलंकृत वंदना कटारिया भारतीय महिला हॉकी की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रही हैं। उनकी खेल उपलब्धियों ने उन्हें देशभर में विशेष पहचान दिलाई है और उत्तराखंड में भी वे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं।

राष्ट्रपति भवन से मिले इस निमंत्रण को वंदना कटारिया के परिवार ने उनके खेल योगदान और देश के प्रति समर्पण का सम्मान बताया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने को लेकर परिवार में खासा उत्साह देखा जा रहा है।