

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर :अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा मुख्य बाजार में शनि मंदिर और उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक के पीछे बने डंपिंग जोन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे धार्मिक आस्था, शहीदों के सम्मान और जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए प्रशासन को दस दिन का अल्टीमेटम दिया है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।


डंपिंग जोन हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शनि मंदिर, राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक, वन रेंजर कार्यालय, पटवारी कार्यालय और बाजार पुलिस चौकी जैसे महत्वपूर्ण स्थानों के पास कूड़ा डंप किया जाना जनभावनाओं के खिलाफ है।



कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि डंपिंग जोन के कारण क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और प्रदूषण फैल रहा है। इससे स्थानीय व्यापारियों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले क्षेत्र में इस तरह कूड़ा जमा करना उचित नहीं है।


यूथ कांग्रेस प्रभारी नरेंद्र आर्य ने कहा कि शनि मंदिर जहां लोगों की आस्था का केंद्र है, वहीं इसके पीछे उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों की स्मृति में शहीद स्मारक भी स्थित है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मानित स्थल के समीप डंपिंग जोन बनाया जाना शहीदों के सम्मान और जनभावनाओं के विपरीत है।

वहीं पूर्व व्यापार मंडल प्रत्याशी अमन अरोड़ा ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए डंपिंग जोन को तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में कूड़ा जमा होने से व्यापारियों और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि डंपिंग जोन को दस दिनों के भीतर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और नगर पालिका की होगी।



वहीं खटीमा तहसीलदार वीरेंद्र सजवाण ने बताया कि इस मामले से पहले भी उपजिलाधिकारी को अवगत कराया गया था। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की आवाजाही में हो रही परेशानी को देखते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया जाएगा कि कूड़े का निस्तारण केवल निर्धारित ट्रेंचिंग ग्राउंड में ही कराया जाए।

