मानेश्वर मंदिर परिसर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, डेढ़ टन प्लास्टिक व अपशिष्ट सामग्री हटाई गई

मानेश्वर मंदिर परिसर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, डेढ़ टन प्लास्टिक व अपशिष्ट सामग्री हटाई गई

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले के प्रसिद्ध मानेश्वर मंदिर परिसर में जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वन विभाग, स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा) तथा अन्य संबंधित विभागों के संयुक्त सहयोग से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

अभियान के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि चंपावत के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों में कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है।

इस अभियान को मानेश्वर मंदिर के महंत स्वामी धर्मराजानन्द पुरी महाराज का मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उनके नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर परिसर की पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक जनसहभागिता के साथ सफाई अभियान संचालित किया गया।

करीब 100 लोगों ने उत्साहपूर्वक अभियान में हिस्सा लिया और मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग एक से डेढ़ टन तक प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया गया। अभियान के दौरान स्वच्छता के प्रति लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

मंदिर परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया। अधिकारियों और समाजसेवियों ने स्थानीय नागरिकों तथा श्रद्धालुओं से प्लास्टिक के उपयोग से बचने, ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की।

महंत स्वामी धर्मराजानन्द पुरी महाराज ने कहा कि मानेश्वर धाम एक पवित्र और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर धार्मिक स्थल है, जिसकी स्वच्छता और गरिमा बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर में पॉलीथिन, प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कचरा न फैलाने तथा परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनसहभागिता आधारित ऐसे अभियान समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक चेतना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी विभागों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।