बीएसएनएल लाइन बिछाने के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से नेपाली मजदूर की मौत, एक गंभीर घायल

बीएसएनएल लाइन बिछाने के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से नेपाली मजदूर की मौत, एक गंभीर घायल

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले के पाटी नगर पंचायत क्षेत्र में बीएसएनएल की लाइन बिछाने के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। रानीचौड़ वार्ड में पोल खड़ा करते समय वह ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की लाइन से टकरा गया, जिससे करंट फैल गया। हादसे में 19 वर्षीय नेपाली मजदूर सुशील साही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 वर्षीय धनजीत गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर बीएसएनएल के लिए पोल स्थापित कर रहे थे। इसी दौरान पोल अचानक बिजली की हाई वोल्टेज लाइन से छू गया और तेज करंट की चपेट में दोनों मजदूर आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुशील साही को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल धनजीत को प्राथमिक उपचार के बाद लोहाघाट उपजिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

घटना के बाद विद्युत विभाग ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की प्रमुख वजह बताया है। विभाग के अवर अभियंता बसंत बल्लभ गहतोड़ी ने बताया कि बीएसएनएल का पोल बिजली की लाइन के बेहद करीब लगाया जा रहा था, लेकिन कार्य शुरू करने से पहले न तो विभाग से अनुमति ली गई और न ही बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए शटडाउन की मांग की गई। उनका कहना है कि यदि पूर्व सूचना दी जाती तो सुरक्षित तरीके से कार्य कराया जा सकता था।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम नीतू डांगर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ठेकेदार और संबंधित एजेंसियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बीएसएनएल के निर्माण कार्यों में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है और मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जा रहा है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले जौलाड़ी वार्ड में पानी की टंकी निर्माण के दौरान भी बिजली की लाइन की चपेट में आने से एक नेपाली मजदूर की मौत हुई थी। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया, जिससे लगातार ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं।

पाटी क्षेत्र में कम समय के भीतर करंट लगने से मजदूरों की मौत की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रहे हादसों ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि भविष्य में किसी भी निर्माण कार्य से पहले संबंधित विभागों से अनुमति, आवश्यक शटडाउन और सभी सुरक्षा उपाय अनिवार्य किए जाएं, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।