खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने थारू समाज से किया संवाद, जनजातीय विकास और धर्मांतरण के मुद्दे पर रखी सरकार की बात

खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने थारू समाज से किया संवाद, जनजातीय विकास और धर्मांतरण के मुद्दे पर रखी सरकार की बात

स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्टर : अशोक सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा दौरे के दौरान एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित जनजाति संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने थारू जनजाति के लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार की योजनाओं एवं नीतियों को लेकर अपनी बात रखी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में थारू समाज के लोग मौजूद रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के सामने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाओं और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय के अधिकारों की रक्षा, उनकी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने थारू जनजाति में धर्मांतरण से जुड़े मामलों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय को गंभीरता से देख रही है और यदि आवश्यकता पड़ी तो धर्मांतरण से संबंधित मामलों में और अधिक सख्त कानून बनाने पर भी विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के इस बयान का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वागत किया। थारू समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की ओर से जनजातीय क्षेत्रों के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने अपनी विभिन्न मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए उनके समाधान की अपेक्षा जताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनजातीय समाज के हितों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।