खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जन समस्याएं, दिव्यांगजनों को बांटी व्हीलचेयर

खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जन समस्याएं, दिव्यांगजनों को बांटी व्हीलचेयर

स्थान : खटीमा
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और अपनी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा।

जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर वितरित की। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी कदम बढ़ाते हुए महिला स्वयं सहायता समूह को दो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।

जनता मिलन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।