

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

विकासखंड सल्ट के राजकीय इंटर कॉलेज, मानिला में शुक्रवार को ‘सेवा, समर्पण एवं सुशासन’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराईं।


शिविर में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक मामलों का मौके पर समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाना है।



कार्यक्रम में विधायक महेश जीना ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया तथा प्रमाण पत्र, आधार से संबंधित सेवाएं और अन्य विभागीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कुल 469 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 96 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा आधार कार्ड पंजीकरण एवं संशोधन से जुड़े 56 कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न किए गए।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का निस्तारण शिविर में नहीं हो सका, उनका भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों को पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है।


इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री महेश्वर सिंह मेहरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य मनमोहन सिंह बंगारी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) दीपक सिंह, उप जिलाधिकारी रिंकू बिष्ट, वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. डी.एस. नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

