

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

विश्व धरोहर वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क में मौसम सामान्य होने के बाद शनिवार से पर्यटकों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है। लगातार बारिश के चलते शुक्रवार को पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए पार्क प्रशासन ने घाटी में प्रवेश बंद कर दिया था।

जानकारी के अनुसार, घाटी के रूट पर मूसलाधार बारिश के कारण घूंसा नाले में पानी का जलस्तर बढ़ गया था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 31 जुलाई को वैली ऑफ फ्लावर्स को पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा गया था।


शनिवार को मौसम साफ होने और हालात सामान्य होने के बाद पार्क प्रशासन ने पर्यटकों को घाटी में प्रवेश की अनुमति दे दी। घूंसा नाले में वैकल्पिक पुलिया तैयार होने के बाद घांघरिया में वैली के प्रवेश द्वार पर इंतजार कर रहे पर्यटकों को अंदर जाने दिया गया।


ईडीसी अध्यक्ष भ्यूंडार प्रवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शनिवार सुबह बड़ी संख्या में पर्यटक घांघरिया से वैली के प्रवेश द्वार के बाहर पहुंचे थे। मौसम सामान्य होते ही सभी पर्यटकों को सुरक्षित तरीके से घाटी में प्रवेश कराया गया।

वैली ऑफ फ्लावर्स के दोबारा खुलने से पर्यटकों में उत्साह देखने को मिला। वहीं पर्यटन कारोबारियों और होटल संचालकों ने भी राहत की सांस ली है। लंबे समय से पर्यटकों की आवाजाही पर निर्भर स्थानीय कारोबारियों को इससे बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।


पार्क प्रशासन का कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम और रास्तों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।


वैली ऑफ फ्लावर्स में इन दिनों देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। प्राकृतिक सुंदरता और दुर्लभ पुष्प प्रजातियों के लिए प्रसिद्ध यह क्षेत्र पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

