

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में इस बार भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भाजपा ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 13 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा।


उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 13, 14 और 15 अगस्त को अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान लोगों को तिरंगा फहराने और देशभक्ति से जुड़े आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा और इस दिन विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।


भाजपा की ओर से स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों को लेकर मंडल स्तर तक तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।


वहीं, कांग्रेस ने भाजपा के ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान को लेकर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम बनकर रह गई है।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा एक ओर तिरंगा यात्रा निकाल रही है, जबकि दूसरी ओर देश के संविधान, सेना के जवानों और शहीदों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संसद में देश और सेना से जुड़े मामलों पर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर भ्रष्टाचार और महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज और धर्म जैसे विषयों का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।


स्वतंत्रता दिवस को लेकर जहां भाजपा ने बड़े स्तर पर कार्यक्रमों की तैयारी शुरू कर दी है, वहीं कांग्रेस ने इन आयोजनों की मंशा पर सवाल उठाए हैं। अब देखना होगा कि प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान किस तरह से आयोजित किया जाता है और इसे लेकर राजनीतिक माहौल किस दिशा में आगे बढ़ता है।

