

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। ग्रामीण इलाके में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।


मामले की शिकायत पीड़िता की मां और परिजनों की ओर से रामनगर कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक युवक ने नाबालिग किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।



चिकित्सकीय जांच के दौरान किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान 19 वर्षीय युवक के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल रामनगर पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

