गदरपुर को सीएम धामी की सौगात, 3.49 करोड़ की लागत से बने रोडवेज बस अड्डे का लोकार्पण

गदरपुर को सीएम धामी की सौगात, 3.49 करोड़ की लागत से बने रोडवेज बस अड्डे का लोकार्पण

स्थान : गदरपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गदरपुर पहुंचकर क्षेत्र को कई विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 3 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए आधुनिक रोडवेज बस अड्डे का विधिवत लोकार्पण किया। इसके साथ ही विकासखंड कार्यालय भवन समेत कई अन्य विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।

लंबे समय से प्रतीक्षित रोडवेज बस अड्डे के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस बस अड्डे को क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकासखंड कार्यालय भवन सहित अन्य योजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और परिवहन सुविधाएं क्षेत्र के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने गूलरभोज जलाशय को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में स्वीकृत सड़क योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शहीद ऊधम सिंह कंबोज के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने कंबोज धर्मशाला पहुंचकर शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को याद किया।