देहरादून में बरसाती नाले में डूबने से दो मासूम बहनों की मौत, परिवार में मचा कोहराम

देहरादून में बरसाती नाले में डूबने से दो मासूम बहनों की मौत, परिवार में मचा कोहराम

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र की नई बस्ती में शुक्रवार को बरसाती नाले में डूबने से दो सगी मासूम बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चियों को नाले से बाहर निकाल लिया गया था। चिकित्सकीय परीक्षण में दोनों को मृत पाया गया।

पुलिस के अनुसार, नई बस्ती निवासी राजेश मित्तल ने सूचना दी कि दुर्गा मंदिर के पास स्थित बरसाती नाले में दो बच्चियां तेज बहाव में बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। उनकी मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां दोपहर में घर के बाहर बरसाती नाले के पास गई थीं। इसी दौरान नाले में अचानक पानी का तेज बहाव आने से वे बहकर रैंप के नीचे फंस गईं।

रीना कुमारी ने बताया कि जब काफी देर तक बच्चियां घर नहीं लौटीं तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बड़ी बेटी के पैर रैंप के नीचे दिखाई दिए। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी पानी में डूबने से मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चियों का परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है और वर्तमान में नई बस्ती में किराये के मकान में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। घटना के समय बच्चियों के पिता किसी काम से अपने पैतृक गांव बिहार गए हुए थे, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बच्चियां तेज बहाव में बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई थीं, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में भी यही तथ्य सामने आए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह हादसा बरसाती नाले के तेज बहाव में बहकर रैंप के नीचे फंसने और डूबने के कारण हुआ प्रतीत होता है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने बरसात के दौरान खुले नालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।