

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

बरसात के मौसम में विकासखंड देवाल के नजदीक इच्छोली क्षेत्र में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। थराली-देवाल-वाण मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य के बीच स्थानीय लोगों को जलभराव से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में नालियों और स्कवरों का निर्माण सही स्थानों पर नहीं किया गया है, जिससे घरों और अन्य प्रतिष्ठानों में पानी घुस रहा है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्तमान में मोटर मार्ग पर नालियों, स्कवरों और सुरक्षा दीवारों का निर्माण कार्य चल रहा है। लेकिन निर्माण कार्य में तकनीकी खामियों के चलते बारिश का पानी सही तरीके से निकासी नहीं हो पा रहा है। इसका असर हिमालयन पब्लिक स्कूल सहित आसपास के आवासीय क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।



ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क और नालियों का एलाइनमेंट सही नहीं होने के कारण जलभराव की स्थिति पैदा हुई है। उनका कहना है कि गलत स्थानों पर बनाए गए स्कवरों के कारण समस्या और बढ़ गई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है और उन्होंने विभाग से जल्द समाधान की मांग की है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बरसात के दौरान लोगों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की जांच कर मानकों के अनुरूप सुधार करने की मांग उठाई है।
वहीं लोक निर्माण विभाग थराली के सहायक अभियंता एम.सी. जोशी ने बताया कि जिन स्थानों पर स्कवर बनाए गए थे, स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें बंद कर दिया गया है। इसके कारण बारिश के पानी की निकासी बाधित हो रही है और जलभराव की स्थिति बन रही है।

सहायक अभियंता ने कहा कि विभाग की ओर से बंद किए गए स्कवरों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों द्वारा कार्य में बाधा डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को सुचारु करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


फिलहाल इच्छोली क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोग और विभाग आमने-सामने हैं। ग्रामीण जहां निर्माण कार्य की गुणवत्ता और व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं विभाग का कहना है कि जल निकासी में बाधा स्कवर बंद किए जाने के कारण आ रही है। अब देखना होगा कि विभाग और स्थानीय लोगों के बीच समन्वय से समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।

