

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटा हुआ है। इसी क्रम में मंगलौर कोतवाली में पुलिस का सहयोग करने के लिए नियुक्त 54 विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) को पहचान पत्र और आवश्यक सामग्री वितरित की गई।


कार्यक्रम के दौरान SPO को टी-शर्ट, गमछा, छतरी और SPO कार्ड प्रदान किए गए। इस मौके पर मंगलौर क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी और मंगलौर कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



क्षेत्राधिकारी मंगलौर अभिनय चौधरी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान SPO की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहती है। ये स्वयंसेवक पुलिस बल के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सहायता और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग करते हैं।


उन्होंने कहा कि इस वर्ष मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में 54 लोगों को SPO कार्ड जारी किए गए हैं, जो कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में योगदान देंगे।

उन्होंने बताया कि SPO में मंगलौर क्षेत्र के साथ-साथ लक्सर क्षेत्र के लोग भी शामिल हैं। सभी स्वयंसेवकों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी दी गई और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तत्पर रहने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से ही व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सकता है। SPO की मदद से पुलिस को जमीनी स्तर पर बेहतर सहयोग मिलता है।


कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। SPO की तैनाती से पुलिस व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

