धर्मांतरण विवाद को लेकर थारू समाज संस्था ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

धर्मांतरण विवाद को लेकर थारू समाज संस्था ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्टर : अशोक सरकार

धर्मांतरण से जुड़े विवाद को लेकर थारू समाज कल्याण एवं सांस्कृतिक संरक्षण संस्था ने उपजिलाधिकारी खटीमा को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संस्था ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई तथ्यों और पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर ही की जानी चाहिए।

संस्था की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि संगठन सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यों से जुड़ा हुआ है तथा वह किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है। संस्था ने प्रशासन से मांग की कि कानून के दायरे में रहकर मामले की जांच की जाए और यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में 18 जुलाई को हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया कि घटना के बाद थारू समाज के कुछ लोगों के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई गईं। संस्था ने आरोप लगाया कि समाज की छवि को नुकसान पहुंचाने और लोगों पर दबाव बनाने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई जानी चाहिए।

उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने बताया कि एक संगठन के लोगों ने उनसे धर्मांतरण को लेकर उत्पीड़न और प्रताड़ना की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन मामले से जुड़े सभी पक्षों से बातचीत करेगा और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा समेत अन्य पहलुओं पर भी विचार किया जाएगा।

संस्था के अध्यक्ष कुंदन सिंह राणा ने कहा कि उनकी आस्था यीशु मसीह में है, लेकिन उन्होंने ईसाई धर्म नहीं अपनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठनों द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा है और उन पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आस्था रखने की स्वतंत्रता देता है।

वहीं रोहित सिंह राणा ने कहा कि राणा थारू समाज के लोग लंबे समय से अलग-अलग धर्मों और मान्यताओं में आस्था रखते आए हैं। उन्होंने कहा कि अपनी आस्था का पालन करना प्रत्येक व्यक्ति का संवैधानिक अधिकार है और प्रशासन से समाज के लोगों को अनावश्यक परेशान न किए जाने की मांग की।

संस्था ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच सभी पक्षों को सुनकर और नियमानुसार की जाएगी।