

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार के गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात SDRF जवानों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। कांगड़ा घाट पर गंगा स्नान के दौरान डूब रहे 16 वर्षीय किशोर को SDRF जवान ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर सुरक्षित बचा लिया।


जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी मयंक शर्मा अपने परिजनों के साथ हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचा था। स्नान के दौरान अचानक वह गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते डूबने लगा।



किशोर को डूबता देख मौके पर तैनात SDRF जवान नितेश खेतवाल ने बिना समय गंवाए तुरंत गंगा में छलांग लगा दी। जवान ने कड़ी मशक्कत के बाद किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

SDRF टीम की तत्परता और साहसिक प्रयास से बड़ा हादसा होने से टल गया। रेस्क्यू के बाद किशोर को प्राथमिक सहायता दी गई और उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार के विभिन्न गंगा घाटों पर SDRF और अन्य सुरक्षा बलों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

SDRF अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों तथा गहरे पानी में जाने से बचें। सुरक्षा नियमों का पालन कर ही पवित्र स्नान करें।


गंगा घाटों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से लगातार श्रद्धालुओं की जान बचाई जा रही है। SDRF जवान नितेश खेतवाल के साहसिक प्रयास की श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सराहना की।

