ऑपरेशन प्रहार के तहत बनभूलपुरा पुलिस की कार्रवाई, 14.56 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत बनभूलपुरा पुलिस की कार्रवाई, 14.56 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

स्थान : हल्द्वानी,नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 14.56 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी/लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान के तहत क्षेत्र में लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को ट्रेंचिंग ग्राउंड के सामने कच्चे मार्ग पर चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14.56 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज पुत्र अफगेज (32 वर्ष) निवासी काबुल का गेट, छोटी रोड, इन्द्रानगर वार्ड संख्या-30, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 123/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और नियमानुसार उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

नैनीताल पुलिस ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।