सितारगंज तहसील में विजिलेंस की कार्रवाई, 16 हजार रुपये के साथ दो कर्मचारी पकड़े गए

सितारगंज तहसील में विजिलेंस की कार्रवाई, 16 हजार रुपये के साथ दो कर्मचारी पकड़े गए

स्थान : सितारगंज
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर के सितारगंज तहसील परिसर में बुधवार को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन मदन शर्मा और वरिष्ठ सहायक (बड़े बाबू) उपेंद्र राणा को 16 हजार रुपये के साथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में दिनभर हलचल का माहौल बना रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान से शिकायत की थी कि भूमि कुर्की के आदेश को निरस्त कराने के लिए उससे धनराशि की मांग की जा रही है। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और संग्रह कार्यालय में कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मचारियों को 16 हजार रुपये के साथ पकड़ लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, इस कार्रवाई के बाद तहसील कर्मचारियों ने विजिलेंस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे साजिश करार दिया। कर्मचारियों का कहना है कि संबंधित शिकायतकर्ता पहले से तहसील का बकायेदार है और उसके खिलाफ राजस्व वसूली की प्रक्रिया चल रही थी।

तहसीलदार हिमांशु जोशी ने बताया कि शिकायतकर्ता पर लगभग छह लाख रुपये की आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी है। उन्होंने कहा कि संग्रह अमीन लगातार बकाया राशि जमा कराने के लिए संपर्क कर रहे थे, लेकिन शिकायतकर्ता भुगतान नहीं कर रहा था।

तहसीलदार का दावा है कि शिकायतकर्ता स्वयं संग्रह कार्यालय पहुंचा और 16 हजार रुपये जमा कर रसीद काटने की बात कही। उनके अनुसार जैसे ही संग्रह अमीन रसीद जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने लगे, उसी समय विजिलेंस टीम पहुंच गई और दोनों कर्मचारियों को अपने साथ ले गई। उन्होंने कहा कि मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में कर्मचारियों में नाराजगी देखने को मिली। हालांकि किसी कर्मचारी ने विजिलेंस टीम का विरोध नहीं किया। तहसीलदार ने कहा कि संग्रह कक्ष में प्रतिदिन किसान और अन्य नागरिक बैंक, व्यापार कर, परिवहन, विद्युत समेत विभिन्न मदों की सरकारी बकाया राशि नकद जमा करते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि ऐसे मामलों में बिना जांच के कार्रवाई होती है तो इससे राजस्व वसूली व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।