

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

खंड विकास अधिकारी कार्यालय सभागार, जसपुर में भाजपा महिला मोर्चा के तत्वावधान में ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती राज दीपिका मधुरम ने किया, जबकि संचालन भाजपा महामंत्री विशाल कश्यप ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड प्रदेश आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विनय कुमार रुहेला रहे। उनके साथ भाजपा काशीपुर जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आकांक्षा ठाकुर तथा जिला मंत्री प्रियंका मिश्रा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों का पुष्पमालाएं एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।



अपने संबोधन में विनय कुमार रुहेला ने कहा कि केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर समाज में नई पहचान स्थापित कर रही हैं।


उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार, आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। सरकार महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है, जिससे वे अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान जसपुर विधानसभा क्षेत्र की करीब दो दर्जन महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनने पर स्मृति चिन्ह और पुष्पमालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार की योजनाओं से मिले लाभ और आत्मनिर्भर बनने की यात्रा पर प्रकाश डाला।


इस अवसर पर जसपुर ब्लॉक प्रमुख, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पाल और महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आकांक्षा ठाकुर सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण और सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सम्मान समारोह और सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।



