

स्थान : थराली
ब्यूरो रिपोर्ट

चमोली जिले की थराली तहसील अंतर्गत भारी बारिश के कारण बंद पड़े देवसारी मोटरमार्ग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक अपनी मोटरसाइकिल को कंधे पर उठाकर पहाड़ी रास्ते से पार कराने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर लोग उसकी हिम्मत की चर्चा कर रहे हैं।


जानकारी के अनुसार लगातार हो रही बारिश के चलते देवसारी मोटरमार्ग भूस्खलन और मलबा आने से अवरुद्ध है। सड़क बंद होने के कारण क्षेत्र में आवागमन प्रभावित है और पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक मोटरसाइकिल को कंधे पर रखकर पहाड़ी रास्ते से निकलने की कोशिश करता है। हालांकि ऊपर से लगातार गिर रहे पत्थरों को देखकर उसने बीच रास्ते में ही अपना इरादा बदल दिया और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वापस लौट आया।


वीडियो में मौजूद अन्य युवक उसे समझाते और आश्वस्त करते दिखाई देते हैं कि उसकी मोटरसाइकिल सुरक्षित रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वाहन को उसके परिचित के पास सुरक्षित रख दिया जाएगा, जिसके बाद युवक ने जोखिम उठाने का विचार छोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहा युवक एक निजी दूरसंचार कंपनी (जिओ) का कर्मचारी बताया जा रहा है। वह कंपनी के कार्य से देवसारी क्षेत्र आया था, लेकिन सड़क बंद होने के कारण उसकी मोटरसाइकिल वहीं फंस गई। इसी कारण उसने बाइक को पैदल पहाड़ी रास्ते से पार ले जाने का प्रयास किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते कई सड़कें बाधित हैं और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि बंद मार्गों या भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं तथा मौसम सामान्य होने और सड़क खुलने के बाद ही यात्रा करें। वायरल वीडियो ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली कठिन परिस्थितियों और सतर्कता की आवश्यकता को उजागर किया है।



