

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले के प्रसिद्ध देवीधार मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय देवीधार महोत्सव का समापन गुरुवार को मां भगवती एवं मां महाकाली की भव्य देवी रथ यात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।


मंदिर समिति अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता के निर्देशन में महोत्सव के अंतिम दिन रायनगर चौड़ी, कलीगांव और डेंसली से पारंपरिक देवी रथ यात्राएं निकाली गईं। सबसे पहले रायनगर चौड़ी का रथ देवीधार मंदिर पहुंचा, जिसमें मां भगवती के स्वरूप में हरीश कापड़ी एवं गीता राय तथा मां महाकाली के स्वरूप में राधिका देवी विराजमान रहीं। इसके बाद कलीगांव का रथ मंदिर पहुंचा, जिसमें मां भगवती के रूप में नारायण सिंह पुजारी और मां महाकाली के रूप में हरि देवी विराजमान थीं। अंत में डेंसली का देवी रथ ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ मंदिर पहुंचा, जिसमें मां भगवती के रूप में करण देवपा तथा मां महाकाली के रूप में रतन सिंह सवार थे।



भक्तों ने रस्सियों के सहारे कठिन चढ़ाई और फिसलन भरे रास्तों से देवी रथों को सुरक्षित मंदिर तक पहुंचाया। रथ यात्राओं के पीछे चल रही महिलाओं ने मां के जयकारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जिससे युवाओं का उत्साह भी देखते ही बनता था। मंदिर परिसर और पूरे मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।


महोत्सव के अंतिम दिन चंपावत जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी होने और स्कूलों में अवकाश घोषित किए जाने के बावजूद देवीधार क्षेत्र में बारिश की एक भी बूंद नहीं गिरी। इसे श्रद्धालुओं ने मां भगवती की कृपा और चमत्कार बताया। पूरे दिन मौसम अनुकूल रहने से श्रद्धालुओं ने बिना किसी व्यवधान के धार्मिक अनुष्ठानों और मेले का आनंद लिया।

मेले में स्थानीय व्यापारियों के अलावा नोएडा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, किच्छा और रुद्रपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजाईं। श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ जमकर खरीदारी भी की, जिससे व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिला और कारोबार अच्छा रहने से उनके चेहरे खिले नजर आए।


महोत्सव के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष लोहाघाट अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पूरे आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। समापन अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता ने क्षेत्र की जनता, पुलिस, प्रशासन और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगले वर्ष देवीधार महोत्सव को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने ऐतिहासिक संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं का विशेष धन्यवाद भी ज्ञापित किया।



