

स्थान : बाज़पुर,काशीपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

माननीय आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर आबकारी विभाग ने क्षेत्र-03 काशीपुर में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान ग्राम कलियावाला और खाईखेड़ा में दबिश देकर कुल लगभग 235 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।


जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-03 काशीपुर धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने ग्राम कलियावाला में अवैध कच्ची शराब के भंडारण एवं बिक्री की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की। टीम ने पुष्पेन्द्र सिंह पुत्र अमरीक सिंह के घर पर तलाशी अभियान चलाया।



तलाशी के दौरान घर के सामने खेत में केले के पेड़ों के बीच छिपाकर रखी गई लगभग 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अतिरिक्त प्राप्त सूचना के आधार पर गांव के गन्ने के खेत में तलाशी लेने पर करीब 65 लीटर अवैध कच्ची शराब और बरामद हुई।


बरामदगी के बाद संबंधित आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। विभाग ने मामले की जांच भी प्रारंभ कर दी है।

इसके बाद आबकारी टीम ने खाईखेड़ा गांव में भी दबिश दी। सूचना के आधार पर खेतों में तलाशी के दौरान चार रबर ट्यूबों में छिपाकर रखी गई लगभग 150 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


कार्रवाई के दौरान उप आबकारी निरीक्षक आशीष सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश भट्ट, आबकारी सिपाही कृष्ण चन्द्र, सुमन आर्या, अंजली गोसाईं और नैनिका राणा सहित पूरी टीम मौजूद रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



