

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने अजबपुर कलां क्षेत्र का दौरा कर घर-घर जाकर मतदाताओं को नोटिस वितरित करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ के साथ घर-घर जाकर नोटिस वितरण की प्रक्रिया को देखा और मतदाताओं से भी बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समयबद्ध तरीके से नोटिस पहुंचे और किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की गुंजाइश न रहे।



डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए इसका पुनरीक्षण पूरी तरह त्रुटिरहित, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी बीएलओ को कार्य में एकरूपता लाने के लिए फ्लोचार्ट और विस्तृत चेकलिस्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं को नोटिस देने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते उसका संशोधन करा सकें।
प्रशासन के अनुसार जिले में अब तक 11 लाख 90 हजार से अधिक मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं, विवरण में विसंगति पाए जाने पर करीब 5 लाख 47 हजार मतदाताओं को घर-घर जाकर नोटिस वितरित किए जा रहे हैं, ताकि उनकी जानकारी का सत्यापन और आवश्यक संशोधन समय पर हो सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में दर्ज करना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।



