भारी बारिश को लेकर सीएम धामी अलर्ट, अधिकारियों को 24×7 निगरानी के निर्देश

भारी बारिश को लेकर सीएम धामी अलर्ट, अधिकारियों को 24×7 निगरानी के निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मंगलवार तड़के सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से प्रदेशभर में हो रही बारिश, बंद सड़कों, नदियों के जलस्तर, जलभराव, राहत एवं बचाव कार्यों और प्रशासन की तैयारियों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहें और आपदा की किसी भी स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने और मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए।

सीएम धामी ने कहा कि भारी बारिश के कारण बाधित सड़क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द खोला जाए। इसके लिए जेसीबी, पोकलेन, डोजर सहित अन्य आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके और राहत कार्यों में कोई बाधा न आए।

मुख्यमंत्री ने आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए हेली सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि बारिश या भूस्खलन के कारण बिजली, पेयजल या संचार सेवाएं प्रभावित होती हैं तो संबंधित विभाग तत्काल बहाली की कार्रवाई करें।

चारधाम यात्रा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि अत्यधिक बारिश या भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए और मौसम व मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे जाने की अनुमति दी जाए।

वहीं आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी प्रदेश में बारिश से उत्पन्न हालात की जानकारी ली। उन्होंने राज्य और जिला स्तर के आपातकालीन परिचालन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने और हर घटना की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 जुलाई को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 30 जुलाई को बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से अपील की गई है कि मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों तथा जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें।