

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर क्षेत्र में संचालित जुए और ऑनलाइन सट्टे के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात त्यागी मार्केट स्थित एक निजी मकान में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।


पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान मौके से 55 हजार 690 रुपये की नकदी, सात मोबाइल फोन और 89 ताश के पत्ते बरामद किए गए। बरामद सामग्री का इस्तेमाल जुआ खेलने और ऑनलाइन सट्टेबाजी में किया जा रहा था।



प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सुमित माकिन अपने मकान में लोगों को ताश के पत्तों से जुआ खिलाने के साथ-साथ ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा भी लगवा रहा था। पुलिस काफी समय से इस गतिविधि पर नजर रखे हुए थी।

मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन सट्टे के एक बड़े नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जिले में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टेबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

