कोटद्वार बेस अस्पताल में अगले सप्ताह से शुरू होगी टेलीमेडिसन सेवा, एम्स ऋषिकेश से मिलेगा विशेषज्ञ परामर्श

कोटद्वार बेस अस्पताल में अगले सप्ताह से शुरू होगी टेलीमेडिसन सेवा, एम्स ऋषिकेश से मिलेगा विशेषज्ञ परामर्श

स्थान : कोटद्वार (ऋषिकेश)
ब्यूरो रिपोर्ट

राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शुक्रवार को एम्स ऋषिकेश की ओर से अस्पताल में टेलीमेडिसन सेवा का सफल ट्रायल किया गया। इस दौरान चिकित्सकीय परामर्श और तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी ने बताया कि टेलीमेडिसन सेवा शुरू होने के बाद क्षेत्र के मरीजों को एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा मिलेगी। इससे गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए बार-बार ऋषिकेश या अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल से मरीजों का समय और धन दोनों की बचत होगी। साथ ही दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी अपने ही शहर में विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह उपलब्ध हो सकेगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

सफल ट्रायल के बाद अगले सप्ताह से राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में टेलीमेडिसन सेवा नियमित रूप से शुरू कर दी जाएगी। मरीज अस्पताल में उपलब्ध सुविधा के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे जुड़ सकेंगे।

टेलीमेडिसन सेवा के माध्यम से मरीजों की जांच रिपोर्ट, चिकित्सा इतिहास और अन्य आवश्यक जानकारियां विशेषज्ञ चिकित्सकों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाई जाएंगी, जिससे सटीक और त्वरित परामर्श मिल सकेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस सुविधा से स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, रेफरल मामलों में कमी आएगी और गंभीर रोगियों को समय पर उचित चिकित्सकीय सलाह मिल सकेगी।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में यह पहल कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। स्थानीय अस्पताल में ही विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध होने से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ अधिक सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।