सीएम धामी ने सुनीं जनता की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश

सीएम धामी ने सुनीं जनता की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने लोहियाहेड हेलीपैड और अपने निजी आवास पर आम जनता तथा जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहियाहेड हेलीपैड पर पहुंचे लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें और उनका निर्धारित समय के भीतर समाधान सुनिश्चित करें।

सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री के निजी आवास पर इस दौरान दो मेधावी छात्रों ने भी उनसे मुलाकात की। महाराष्ट्र में आयोजित यूसीमास राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कार्तिकेय सिंह तोमर और युग सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री से भेंट की। प्रतियोगिता में कार्तिकेय सिंह तोमर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि युग सिंह तोमर थर्ड रनर-अप रहे। दोनों छात्रों की उपलब्धि ने उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों प्रतिभाशाली छात्रों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली बच्चे शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने दोनों छात्रों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, हिमांशु बिष्ट, सूरज धामी, रनदीप पोखरिया और भवानी भंडारी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं यूसीमास उत्तराखंड के स्टेट ओनर्स धर्मेंद्र कुमार और ममता तोमर भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की संतुष्टि ही प्रशासनिक कार्यों की सफलता का प्रमुख आधार होनी चाहिए।