क्वारब स्लाइड जोन के कार्यों का आयुक्त कुमाऊं ने किया निरीक्षणगुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

क्वारब स्लाइड जोन के कार्यों का आयुक्त कुमाऊं ने किया निरीक्षणगुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत ने शुक्रवार को क्वारब स्लाइड जोन पहुंचकर वहां चल रहे सुधारात्मक और सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि क्वारब स्लाइड जोन कुमाऊं क्षेत्र की दृष्टि से बेहद संवेदनशील स्थान है। ऐसे में यहां किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनी रहे और आमजन को जल्द से जल्द राहत मिल सके। आयुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद आयुक्त दीपक रावत ने क्वारब बाईपास मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग पर चल रहे निर्माण और सुधार कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।

आयुक्त ने कहा कि बाईपास मार्ग के पूरी तरह तैयार होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित होगी। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए क्षेत्रवासियों और यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते समय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग हरीश कुमार, अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।