

स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी-रुद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कैंटर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गंगापुर कबड़वाल निवासी 47 वर्षीय शमशेर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शमशेर सिंह हल्द्वानी से अपने घर मोटाहल्दू की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान गन्ना सेंटर के पास रुद्रपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी भीषण थी कि शमशेर सिंह सड़क पर जा गिरे और कैंटर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कैंटर लेकर फरार हो गया।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर टीपी नगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फरार कैंटर चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

