

भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जाने वाला तीसरा वनडे मुकाबला भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा के करियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साबित हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट ने रोहित को भविष्य की योजनाओं से बाहर रखने का संकेत दे दिया है। हालांकि, रोहित शर्मा की ओर से अभी तक संन्यास को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

रोहित शर्मा पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। अब वनडे करियर को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 39 वर्षीय रोहित चयनकर्ताओं के फैसले से खुश नहीं हैं और उन्होंने इस मामले में बीसीसीआई अधिकारियों से बातचीत भी की है।


कप्तानी में दिलाईं दो आईसीसी ट्रॉफियां
रोहित शर्मा ने अपने क्रिकेट करियर में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। महेंद्र सिंह धोनी के फैसले के बाद ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालने वाले रोहित दुनिया के सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाजों में शामिल हो गए।


उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने 2024 टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। वनडे क्रिकेट में रोहित के नाम तीन दोहरे शतक हैं। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 657 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। 2019 वनडे विश्व कप में उन्होंने पांच शतक लगाकर इतिहास रचा था।


अधूरा रह गया वनडे विश्व कप जीतने का सपना
रोहित शर्मा के करियर की सबसे बड़ी टीस वनडे विश्व कप ट्रॉफी जीतने की रही है। 2023 विश्व कप में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया था।
फाइनल हार के बाद रोहित की भावुक तस्वीरें क्रिकेट प्रशंसकों के दिलों में आज भी याद हैं। इसके बाद उन्होंने कई मौकों पर 2027 वनडे विश्व कप खेलने की इच्छा जताई थी।


प्रदर्शन पर उठे सवाल
इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में रोहित शर्मा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। पहले वनडे में उन्होंने 11 रन बनाए, जबकि दूसरे मुकाबले में 26 रन बनाकर आउट हुए।


इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने 16, 48 और 79 रन की पारियां खेली थीं। रोहित ने वनडे क्रिकेट में अपनी पिछली 11 पारियों में कोई शतक नहीं लगाया है।

शानदार रहा वनडे करियर
रोहित शर्मा ने 23 जून 2007 को आयरलैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। अब तक उन्होंने 287 वनडे मुकाबलों में 279 पारियां खेलते हुए 48.58 की औसत और 92.76 के स्ट्राइक रेट से 11,757 रन बनाए हैं।
वनडे क्रिकेट में उनके नाम 33 शतक और 62 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 264 रन है, जो वनडे इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है।
अब सभी की निगाहें लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे वनडे पर टिकी हैं। अगर रोहित शर्मा इस मुकाबले के बाद संन्यास का ऐलान करते हैं, तो यह भारतीय क्रिकेट के एक सुनहरे अध्याय का अंत होगा।

