हरेला पर्व पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, 147 करोड़ की मास्टर प्लान परियोजना का किया उल्लेख

हरेला पर्व पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, 147 करोड़ की मास्टर प्लान परियोजना का किया उल्लेख

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान जागेश्वर के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेले के सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को हरेला पर्व की बधाई भी दी।

मुख्यमंत्री ने हरेला पर्व के अवसर पर जागेश्वर मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मानव तथा प्रकृति के अटूट संबंध का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

श्रावणी मेले के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का अनुभव करता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत लगभग 147 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में धाम की ऐतिहासिक और धार्मिक गरिमा को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर धाम आगमन के बाद इस तीर्थ के प्रति श्रद्धालुओं का आकर्षण बढ़ा है। पिछले दो महीनों में चार लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं, जिससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिला है। आने वाले समय में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के मंत्र के साथ उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। धार्मिक पर्यटन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, अल्मोड़ा मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर.एस., जागेश्वर मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।