नियमितीकरण की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे कर्मचारी नेता, सफाई व्यवस्था ठप

नियमितीकरण की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे कर्मचारी नेता, सफाई व्यवस्था ठप

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

नगर पालिका बाजपुर के स्टाफ और पर्यावरण मित्रों सहित 28 कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर उत्तराखंड निकाय कर्मचारी महासंघ के शाखा अध्यक्ष सीताराम तिवारी का आमरण अनशन शुक्रवार को आठवें दिन भी जारी रहा। लंबे अनशन के चलते उनकी स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने लगी है।

अनशन पर बैठे सीताराम तिवारी ने बताया कि उनका ब्लड प्रेशर लगातार गिर रहा है और अब तक उनका वजन करीब 7.2 किलोग्राम कम हो चुका है। इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

सीताराम तिवारी का कहना है कि सत्ता और विपक्ष के कई स्थानीय जनप्रतिनिधि अनशन स्थल पर पहुंचकर मांगें पूरी कराने का आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में निराशा बढ़ती जा रही है।

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो “यहां से मेरी अंतिम यात्रा ही निकलेगी।” उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने अपना सुसाइड नोट भी तैयार कर रखा है। वहीं, कई सामाजिक संगठनों ने अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को लिखित समर्थन दिया है।

उधर, पिछले एक सप्ताह से नगर में सफाई और कूड़ा उठाने का कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। इसके चलते शहर में गंदगी फैलने लगी है और स्थानीय लोगों ने संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई है।

आंदोलन को समर्थन देने के लिए भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक जगतार बाजवा, दर्शन गोयल, राजेन्द्र सिंह वेदी, राजकिशोर, सुनील पाठक सहित अन्य लोग भी धरना स्थल पहुंचे। वहीं देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारियों ने नगर के मुख्य बाजार में झाड़ू और कूड़ा ठेले के साथ रैली निकालकर प्रदर्शन किया तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

सीताराम तिवारी ने उम्मीद जताई कि सरकार और प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे और जल्द कोई सकारात्मक समाधान निकलेगा। हालांकि, फिलहाल आंदोलन जारी है और कर्मचारी अपने नियमितीकरण की मांग पर अडिग बने हुए हैं।