श्रावण मास में बदरीनाथ धाम में फिर बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़

श्रावण मास में बदरीनाथ धाम में फिर बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़

स्थान : बदरीनाथ
ब्यूरो रिपोर्ट

पवित्र श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही भू-बैकुंठ नगरी श्री बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रा ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मानसून के कारण पिछले कुछ दिनों से श्रद्धालुओं की संख्या में आई कमी अब दूर होती नजर आ रही है और धाम में फिर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

बृहस्पतिवार, 16 जुलाई को सुहावने मौसम के बीच कुल 14 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान श्री बदरी विशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इनमें 7,310 पुरुष, 5,765 महिलाएं और 925 बच्चे शामिल रहे।

बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद से अब तक तीर्थयात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती रही है। मध्य जुलाई में ही इस वर्ष दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 15 लाख का आंकड़ा पार कर गया है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, कपाट खुलने से लेकर अब तक करीब 15 लाख 13 हजार श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन और मंदिर समिति लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।

श्रावण मास के शुभ अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। मौसम अनुकूल रहने से यात्रा में फिर तेजी आई है, जिससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।

धाम में श्रद्धालुओं को सुगमता के साथ दर्शन कराए जा रहे हैं। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।

बदरीनाथ धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या यह दर्शाती है कि आस्था और श्रद्धा के केंद्र के रूप में धाम का आकर्षण लगातार बना हुआ है और श्रावण मास में आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।