पुरानी रंजिश में प्रधान पति ने भाई को मारी गोलीलाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग के बाद आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

पुरानी रंजिश में प्रधान पति ने भाई को मारी गोलीलाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग के बाद आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में पुरानी पारिवारिक रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि ग्राम प्रधान के पति ने अपने ही सगे भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल भाई को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, गांव निवासी किशोर सैनी और उनके भाई राजेश सैनी के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। गुरुवार देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में आए किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से राजेश सैनी पर गोली चला दी। गोली लगने से करीब 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पिरान कलियर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट तथा धनौरी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद आरोपी किशोर सैनी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद बाजुहेड़ी गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।